पिथौरागढ़ , अक्टूबर 05 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में पुलिस ने इंस्टाग्राम पर चरस की फोटो डालने वाले व्यक्ति को चरस की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विशेष अभियान समूह एसओजी और मुनस्यारी पुलिस टीम ने आरोपी को मुनस्यारी के धापा बैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 206 ग्राम चरस भी बरामद बरामद हुई। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।

आरोपी की पहचान जीवन सिंह राणा (25) निवासी ग्राम गोल्फा, मुनस्यारी के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध कोतवाली मुनस्यारी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्टाग्राम पर चरस की फोटो और वीडियो अपलोड कर युवाओं को नशे के लिए उकसाता था। एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। जब आरोपी चरस की तस्करी करने लगा तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित