देहरादून , जून 21 -- उत्तराखंड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने नैनीताल स्थित लोकभवन में जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल देश की सीमा पर बसे बनबसा उपनगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योग किया। जबकि अन्य मंत्रियों, अधिकारियों ने अलग अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में योग किया।
औली स्थित आईटीबीपी स्कीइंग संस्थान के जवानों ने 13,780 फीट की ऊंचाई पर रोहतांग की बर्फीली चोटियों पर योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान रचा है। इन दिनों टीम स्किंग का प्रशिक्षण भी ले रही है। इसके अलावा, मुख्यालय उत्तराखंड सब-एरिया, आईटीबीपी पोस्ट, राज्य भर की सभी पुलिस लाइंस, थाना, चौकियों, एसडीआरएफ मुख्यालय और पोस्ट, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश, पतंजलि योगपीठ, परमार्थ निकेतन, गुरुकुल कांगड़ी सहित विभिन्न छोटे, बड़े संस्थानों में उत्साहपूर्वक लोगों ने योग अभ्यास किया।
नैनीताल लोक भवन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने प्रतिभाग करते हुए प्रदेशवासियों तथा देश-विदेश के सभी योग साधकों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग भारत की आत्मा, हमारी संस्कृति का प्राण और सनातन सभ्यता की शाश्वत चेतना है। कार्यक्रम में कुमायूं विश्व विद्यालय के योग विभाग के विद्यार्थियों ने योगाभ्यास एवं लयबद्ध योग की आकर्षक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल सीमा पर बसे बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित योग साधकों, सशस्त्र सीमा बल के जवानों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
उन्होंने कहा कि माँ शारदा की पावन भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों के साथ योगाभ्यास करने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग मन को स्थिरता प्रदान करता है तथा व्यक्ति को सकारात्मक, संतुलित एवं सफल जीवन की ओर अग्रसर करता है। योग और प्राणायाम के नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक एकाग्रता मजबूत होती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत चौधरी, अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी, सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, जिलाधिकारी उधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यालय उत्तराखंड सब एरिया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर गढ़ी कैंट, देहरादून में उत्साहपूर्ण योग सत्र आयोजित किए। "योग - अनंत आयु के लिए प्रकाश" और थीम "योग से स्वस्थ जीवन" के अंतर्गत सैनिकों और उनके परिवारों ने सरल और व्यवहारिक योग व प्राणायाम में सक्रिय भागीदारी दिखाई। कार्यक्रम का आरम्भ वैदिक मन्त्रोच्चारण के साथ हुआ और सत्रों में ऐसे आसन व प्राणायाम पर जोर दिया गया जिन्हें आसानी से दैनिक दिनचर्या में शामिल किया जा सके। यह आयोजन इंडियन योगिनी एसोसिएशन, आद्या कौशलम ट्रस्ट तथा पतंजलि योगपीठ के सहयोग से आयोजित किया गया था। सत्र साध्वी देवदिति और सुश्री शिखा द्वारा संचालित किए गए।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट सहित राज्यभर की सभी पोस्टों पर सामूहिक योगाभ्यास किया गया। वाहिनी मुख्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहिनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया गया। इस दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित