देहरादून , जनवरी 19 -- उत्तराखंड कांग्रेस इन दिनों अंकिता भंडारी मामले और किसान आत्महत्या प्रकरण जैसे दो मुद्दों पर लगातार प्रदर्शन कर रही है, जिसे भारतीय जनता पार्टी ने राजनैतिक नौटंकी कहा और कड़े शब्दों में निंदा की है।
भाजपा ने सोमवार को यह भी आरोप लगाया कि जनता की संतुष्टि से कांग्रेस असंतुष्ट है और 2027 का अपना माहौल बनाने के लिए प्रदेश का माहौल खराब करने में जुटी हुई है।
देहरादून के बलबीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में सोमवार को पत्रकारों से बातचीय करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने विपक्ष, खासकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के वर्तमान राजनैतिक रवैए को दुर्भाग्यपूर्ण और अराजक बताया है।
उन्होंने कहा, जिन दो प्रमुख मुद्दों अंकिता हत्या प्रकरण और किसान आत्महत्या को लेकर उनके लोग सड़कों पर अलोकतांत्रिक तरीके से हंगामा कर रहे हैं। उसको किसी भी सभ्य समाज में जनतांत्रिक अधिकारों के संबंध में सही नहीं ठहराया जा सकता है।
आप किसी बात से सहमत नहीं हैं तो शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन कर सकते है। नारेबाजी, काले झंडे दिखाने के प्रयास तक तो ठीक है, लेकिन किसी को रास्ते में हंगामा करके रोकना, जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा करना, कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनना, किसी भी तरह से जायज नहीं है।
उन्होंने कहा कि सरकार के सख्त रुख और कठोर करवाई से बेटी अंकिता के हत्यारों को उम्र कैद की सजा दिलवाई गई थी। बावजूद इसके हाल में संशय और भ्रम की स्थिति आने के बाद पीड़ित परिवार की राय से सीबीआई जांच की घोषणा भी कर दी गई है।
इसी तरह, काशीपुर में किसान आत्महत्या प्रकरण की कुमायूं कमिश्नर जांच कर रहे है। दोनों ही प्रमुख मुद्दे जो विपक्ष उठा रहा है उन पर सरकार द्वारा पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता से करवाई की गई है।इससे प्रदेश जनता भी संतुष्ट है और जांच के परिणाम का इंतजार कर रही है।
लेकिन जिस तरह का अराजक व्यवहार कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता कर रहे हैं वह बेहद अफसोसजनक एवं गैर जिम्मेदारना है। साफ नजर आ रहा है कि दोनों प्रमुख मुद्दों के हाथ से निकलने की खीज उनसे यह सब करवा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित