रुद्रपुर , अप्रैल 28 -- ऊधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों के साथ गुफ्तगू की और उन्हें सफलता के मंत्र दिये।
संवाद कार्यक्रम में श्री भदौरिया ने अपने संघर्षपूर्ण छात्र जीवन से लेकर सिविल सेवा तक के सफर को साझा किया और छात्रों को सफलता के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की, साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े सवाल खुलकर रखे। "लक्ष्य कैसे तय करें?", "नीट की तैयारी कैसे करें?" और "रुचि कला वर्ग में है लेकिन विज्ञान लेने का दबाव है, क्या करें?" जैसे प्रश्नों पर डीएम ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों को वही विषय चुनना चाहिए जिसमें उनकी वास्तविक रुचि हो, क्योंकि उसी में निरंतरता और उत्कृष्टता संभव है।
उन्होंने विद्यार्थियों को संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है। खेल, संगीत, नृत्य और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि इससे तनाव कम होता है और व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
डीएम ने कहा कि सफलता केवल मेहनत से नहीं, बल्कि सही दिशा और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन से मिलती है। उन्होंने अच्छे शैक्षणिक संस्थानों का चयन करने और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा वाले माहौल में सीखने पर जोर दिया। साथ ही स्पष्ट किया कि सभी विषयों में समान संभावनाएं हैं और हर क्षेत्र में करियर के बेहतर अवसर मौजूद हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उन्होंने सुझाव दिया कि सबसे पहले परीक्षा के सिलेबस को गहराई से समझें, उसके बाद एक ठोस योजना बनाकर नियमित अभ्यास करें। अनुशासन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता दिलाता है।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने मेधावी विद्यार्थियों को पुस्तकें, बैग और मिष्ठान वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ और उन्हें अपने भविष्य के प्रति नई दिशा और सकारात्मक दृष्टिकोण मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित