देहरादून , जुलाई 23 -- उत्तराखंड के वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) देहरादून की सेमेस्टर परीक्षा के दो प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में गुरुवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद संबंधित सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया। अब लीक हुये दोनों प्रश्नपत्रों की पुनर्परीक्षा आगामी अगस्त माह में होगी। जिसकी तिथि की सूचना बाद में घोषित की जाएगी। गिरफ्तार सहायक प्रोफेसर को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है।

यूटीयू की कुलपति डॉ. तृप्ता ठाकुर ने गुरुवार शाम बताया कि इस पेपर लीक प्रकरण में विधिक राय के पश्चात, शिवालिक कालेज ऑफ इन्जीनियरिंग देहरादून में नियुक्त आरोपी सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट करने के साथ ही अगले सात वर्षों के लिए यूटीयू की सभी परीक्षा संबंधी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मशीन लर्निंग फॉर इंटरनेट ऑफ थिंग्स और इलेक्ट्रोमैग्नेटिक फील्ड थ्योरी के प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के जरिए छात्रों तक पहुंचाए। उन्होंने बताया कि इसके कारण दोनों परीक्षाएं निरस्त कर दी गई हैं, जिनका पुनः आयोजन अगस्त के तीसरे सप्ताह में किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस पूरे प्रकरण में संलिप्त सभी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।

शिवालिक कालेज ऑफ इन्जीनियरिंग देहरादून प्रो. टीएस सिद्धू ने बताया कि प्रकरण सामने आते ही संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका इंक्रीमेंट रोक दिया गया था। संस्थान और विश्वविद्यालय की संयुक्त जांच में आरोप पुष्ट होने के बाद उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

उधर, देहरादून के एसएसपी प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ0 विनय कुमार पटेल ने गुरुवार को कोतवाली प्रेमनगर पर एक लिखित तहरीर दी गई। जिसके अनुसार यूटीयू की सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान 08 जुलाई को आयोजित परीक्षा के सम्बन्ध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें 03 जुलाई को शिवालिक कालेज ऑफ इन्जीनियरिंग देहरादून में नियुक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हट्सअप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों को शेयर किये जाने की जानकारी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित