हल्द्वानी , मार्च 25 -- उत्तराखंड में नैनीताल पुलिस अब नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रूख अपनाते हुए की सिर्फ गिरफ्तारी बल्कि अब इनकी अवैध संपत्तियों पर भी शिकंजा कस रही है।
नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में हल्द्वानी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना हल्द्वानी में दर्ज मुकदम में एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियुक्त नारायण दत्त परगाई निवासी कुकना, थाना मुक्तेश्वर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
इस प्रकरण की विवेचना उप निरीक्षक भुवन सिंह राणा द्वारा की गई और जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में भेजा जा चुका है। जांच के दौरान पुलिस ने वित्तीय पड़ताल भी की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए,अभियुक्त के पुत्र सुरेश परगाई के नाम पर तीन वाहन पाए गए, जिनमें एक अर्टिगा कार और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं। लेकिन इन वाहनों को खरीदने के लिए वैध आय का कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं किया जा सका।
इसके बाद पुलिस ने इन संपत्तियों को अवैध मानते हुए सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को जब्ती आदेश भेजा। प्राधिकारी ने 24 मार्च को आदेश जारी करते हुए अर्टिगा कार को एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध संपत्ति घोषित कर जब्त करने के निर्देश दिए।
एसएसपी डॉ मंजू नाथ टीसी का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी,इस सख्त कदम से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित