हरिद्वार/देहरादून , मार्च 07 -- केंद्रीय गृह मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की उपस्थिति में शनिवार को उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश टोली बैठक हुई। जिसमें चुनावी दृष्टि से कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन विस्तार पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही, वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत श्री शाह का प्रदेश नेतृत्व को विजय प्राप्त करने का मार्ग दर्शन प्राप्त हुआ।
हरिद्वार में देहरादून मार्ग स्थित एक निजी होटल में हुई बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बताया कि चुनावी वर्ष को देखते हुए श्री शाह का प्रमुख रूप से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी से कार्यकर्ताओं की संतुष्टि और संगठन विस्तार पर जोर देने की बात कही, ताकि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याओं को टारगेट कर उसका निवारण किया जाए। उन्होंने बताया कि इसी तरह संगठन विस्तार के क्रम में बूथ एवं मंडल स्तर पर प्रकोष्ठों एवं विभागों की इकाइयों का शीघ्र गठन किया जाएगा। जिनके आधार पर पार्टी की सक्रियता को पहले से अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
श्री भट्ट ने बताया कि बैठक में शीघ्र शुरू होने वाली एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। जिसके लिए पार्टी बीएलए 2 बनाने के काम को शत प्रतिशत पूरा कर, वोट संरचना अनुसार चुनावी तैयारी करेगी। धीरे धीरे चुनावी दृष्टि से पार्टी अपनी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी, ताकि बूथ स्तर पर कैसे सफलता के लक्ष्य को प्राप्त किया जाए। उन्होंने बताया कि बैठक में तय हुआ कि सभी सांसद विधायक 2027 चुनाव की दृष्टि से कार्यकर्ताओं और जनता के बीच जायेंगे। उनके जन सामान्य के मुद्दों और व्यक्तिगत समस्याओं को सुने और उसके निवारण का प्रयास करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित