हरिद्वार , अप्रैल, 29 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को ऋषिकुल मैदान स्थित यात्री पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों को निर्देश दिए या कि वे यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार रखें और "अतिथि देवो भव" की परंपरा का पालन करते हुए उनका स्वागत करें।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 4,07,961 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें यमुनोत्री धाम में 57,704, गंगोत्री धाम में 57,863, केदारनाथ धाम में 2,07,452 तथा बद्रीनाथ धाम में 84,942 श्रद्धालु शामिल हैं।

इसके अलावा उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 24,68,132 श्रद्धालुओं द्वारा चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीकरण कराया जा चुका है। उन्होंने सभी यात्रियों की यात्रा को मंगलमय बताते हुए उनकी सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित