देहरादून/पौड़ी , सितंबर 30 -- उत्तराखंड में मंगलवार को आयोजित यू-टीईटी परीक्षा में पौड़ी गढ़वाल जनपद अन्तर्गत कोटद्वार के एक परीक्षा केन्द्र पर एक परीक्षार्थी के स्थान पर किसी अन्य के परीक्षा देने पहुंचने पर सजग हुई पुलिस की कार्यवाही जारी है। बुधवार को पुलिस टीम ने पकड़े गए इस पेपर सॉल्वर को परीक्षा में बिठाने वाले मुख्य अभियुक्त को उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर से गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी पौड़ी सर्वेश सिंह पंवार ने बताया कि 29 सितंबर को कोटद्वार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि मेहरबान सिंह कण्डारी सरस्वती इंटर कॉलेज, कलाबड़, कोटद्वार में आयोजित यूटेट परीक्षा में एक व्यक्ति किसी अन्य अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा दे रहा है। इस पर पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी तत्काल परीक्षा केंद्र पर पहुंचे तथा जांच एवं पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि विशाल कुमार, निवासी काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के स्थान पर हिमांशु चौहान, निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश द्वारा परीक्षा दी जा रही थी।

आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन के दौरान इसकी पुष्टि होने पर पुलिस द्वारा हिमांशु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। केंद्र के प्रधानाचार्य की तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार पर धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 340(2), 61(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

एसएसपी ने बताया कि प्रकरण में संलिप्त अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी करने के लिए टीमों का गठन किया गया था। विवेचना एवं साक्ष्य संकलन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि परीक्षा में अभ्यर्थी विशाल कुमार को स्वयं सम्मिलित होना था लेकिन अभियुक्त द्वारा अपने स्थान पर धोखाधड़ी कर पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्त हिमांशु चौहान को परीक्षा देने के लिए भेजा गया था। उन्होंने बताया कि आरोपो की पुष्टि होने पर पुलिस टीम द्वारा आज को अभियुक्त विशाल कुमार पुत्र हरि शंकर निवासी खेड़ा गंज काशीपुर को काशीपुर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित