चंपावत , सितंबर 17 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में विकसित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यह बात खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को लोहाघाट स्थित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज एवं स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान कही।

उन्होंने लोहाघाट के महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को बालिका खिलाड़ियों के लिए शिक्षा के साथ उच्च स्तरीय खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही कॉलेज में अध्ययनरत छात्राओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई, प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए समाधान का आश्वासन दिया।

छात्राओं को प्रेरित करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है और उसे पाने के लिए अनुशासन व मेहनत के साथ प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज खेल भी शिक्षा की तरह ही बेहतर भविष्य और करियर निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है, इसलिए छात्राएं पढ़ाई के साथ खेल-प्रशिक्षण को भी गंभीरता से लें।

खेल मंत्री ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि छात्राओं को शीघ्र देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाए, ताकि वे वहां की प्रशिक्षण व्यवस्था और गतिविधियों को करीब से समझकर प्रेरणा ले सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित