देहरादून , मार्च 11 -- उत्तराखंड सरकार प्रदेश के हर ब्लाक में मिनी स्टेडियमों का निर्माण करवाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बजट सत्र के तीसरे दिन सदन को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि हर ब्लाक में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में प्रावधान किया गया है। वर्ष 2025 में उत्तराखंड ने न सिर्फ 38 वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी की थी, बल्कि 103 पदक जीतकर इस स्तर के आयोजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी किया था। इस आयोजन ने उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में भी पहचान दी।
इस आयोजन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का आधारभूत खेल संरचना विकसित किया गया। लेगेसी पॉलिसी बनाकर सरकार ने इस खेल संरचना का उपयोग एकेडमी के रुप में करने का निर्णय लिया है ताकि खेल प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण प्राप्त हो सके। इस संबंध में शासन स्तर पर कार्यवाही चल रही है।
अब वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में हर ब्लाक में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए प्रावधान कर दिए जाने को भी अहम माना जा रहा है।
आज प्रश्नकाल के दौरान जब खेल मंत्री पर्वतीय क्षेत्रों में खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम से संबंधित सवाल का जवाब दे रही थीं, तब श्री धामी ने सदन को यह जानकारी प्रदान की।
खेल मंत्री रेखा आर्या के अनुसार-पर्वतीय क्षेत्र में मिनी स्टेडियम के लिए 1.18 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है। इसके निर्माण के लिए एक करोड़ 70 लाख रूपये दिए जाने का प्रावधान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित