रुद्रपुर , मई 10 -- उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में शनिवार रात को गोलीबारी मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार नौ मई की रात को रुद्रपुर के रम्पुरा में कटोरी मंदिर के पास मामूली विवाद में कुछ युवकों ने चाऊमीन विक्रेता पर गोली चला दी।

इसके बाद आरोपी फरार हो गए थे। आरोप है कि तीन युवक सोमवीर की दुकान पर आये और चाऊमीन खाने के बाद बिना पैसे दिए जाने लगे। दुकानदार ने जब पैसे मांगे तो तीनों ने पहले दुकानदार को धमकाया और कुछ देर बाद वापस आये और तमंचे से गोली चला दी।

श्री गणपति के अनुसार, रम्पुरा चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। उन्होंने बताया कि तीनों युवकों की पहचान संजय, कमल और अमन के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित