हरिद्वार , अप्रैल 06 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली की पुलिस ने सोमवार को चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,क्षेत्र में लगातार मिल रही मोटरसाइकिल चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर 5 अप्रैल को नहर पटरी स्थित श्मशान घाट के पास चार संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत पूरी करने के लिए रानीपुर, सिडकुल और दिल्ली क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे।

चोरी के बाद वह वाहनों को नहर किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और मौका मिलने पर उन्हें कबाड़ियों व राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें रानीपुर, सिडकुल, फरीदाबाद और दिल्ली क्षेत्र से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में विपिन (मुजफ्फरनगर), गौरव (लक्सर), नितिन (मुरादाबाद) और गौरव (मंगलौर) शामिल हैं।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित