मुनस्यारी , जून 06 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने दो दिवसीय मुनस्यारी दौरे के दौरान वर्ष 2023 में 'बेस्ट टूरिज्म विलेज' सम्मान प्राप्त सरमोली ग्राम पंचायत के सामुदायिक पर्यटन और होमस्टे मॉडल की सराहना की। उन्होंने इसे महिला सशक्तीकरण, स्थानीय सहभागिता और सतत पर्यटन विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि यह मॉडल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।
शनिवार को राज्यपाल ने सरमोली गांव का भ्रमण कर वहां संचालित होमस्टे, महिला स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने पर्यटन को आजीविका और पर्यावरण संरक्षण से प्रभावी रूप से जोड़ा है। सरमोली का मॉडल ग्रामीण विकास और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा है।
लोकभवन की ओर से आज जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि इससे पूर्व राज्यपाल ने मुनस्यारी स्थित प्रसिद्ध में पूजा-अर्चना की। इस बीच जिला प्रशासन ने राज्यपाल को मिलम, खलिया टॉप, बिर्थी और पंचाचूली सहित मुनस्यारी में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यपाल ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण भी किया तथा स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और विपणन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों का संरक्षण और प्रभावी विपणन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में मुनस्यारी उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। नगर क्षेत्र में लगभग 120 होमस्टे, 32 होटल, एक दर्जन से अधिक लॉज, तीन गेस्ट हाउस और 50 से अधिक टेंट पर्यटकों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन, संस्कृति, प्रकृति और स्थानीय आजीविका का ऐसा संगम मुनस्यारी को देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों की श्रेणी में स्थापित कर रहा है।
उन्होंने स्थानीय युवाओं और महिलाओं से पर्यटन एवं लोक संस्कृति के संरक्षण में अपनी भागीदारी लगातार बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित