देहरादून , मई 12 -- उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के मद्देनजर सचिवालय में सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से तैयारियों के सम्बंध में समीक्षा बैठक की।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जनपद अपनी तैयारियों को अन्तिम रुप देते हुए, मैपिंग में तेजी लाएं।

सीईओ ने निर्देश दिए कि फार्म 6, 7 और 8 का दैनिक रुप से अनिवार्य रिव्यू कर उनका निष्पादन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर तैयार ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ (एएसडी) लिस्ट को राजनैतिक दलों के बीएलए को भी अनिवार्य रुप से साझा किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह में एएसडी सूची सभी बूथ लेवल एजेंट्स को उपलब्ध करा दी जाए। उन्होंने सभी जनपदों के गणना प्रपत्र के प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक एवं डिस्ट्रिव्यूशन प्लान की विस्तृत समीक्षा की।

डॉ पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह में सभी जिलाधिकारी सम्बंधित नगर निगम क्षेत्रों के नगर आयुक्तों के साथ बैठक कर एसआइआर के प्लान को और प्रभावी बनाए। इसके साथ ही बीएलओ के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और भी प्रभावी रुप से चलाया जाए।

इस दौरान, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल रुप से जुड़े रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित