देहरादून , अक्टूबर 29 -- मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तराखंड के पांच जिलों नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी सचिव से बात कर आम जनता की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने को कहा है।
श्री सुमन ने बताया कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलों को आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। खराब मौसम या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित