नैनीताल , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले की हल्द्वानी पुलिस ने अवैध तमंचे के साथ फोटो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालने के आरोपी को तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उप्र मुरादाबाद निवासी अंश खत्री उर्फ अक्की (19) ने 315 बोर के तमंचे के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी वर्तमान में हल्द्वानी के गौला गेट क्षेत्र में रह रहा था।

पुलिस ने आज आरोपी को क्रियाशाला मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर कआ तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में शस्त्र अधिनियम (आर्म्स एक्ट) की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

नैनीताल पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाना कानून का उल्लंघन है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित