देहरादून , अक्तूबर 17 -- उत्तराखंड के नव नियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन 19 अक्तूबर को पदभार ग्रहण करेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों एवं अन्य स्थानों से शामिल होने वाले अतिथियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि अतिथियों को आगमन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने, प्रमुख मार्गों पर आवश्यक प्रबंध करने तथा जरूरत के अनुसार वाहनों का अधिग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने को कहा, ताकि शपथ ग्रहण समारोह निर्विघ्न एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट, सभी उप जिलाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित