पौड़ी , मई, 31 -- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी कड़ी में रविवार को ताड़केश्वर महादेव मंदिर परिसर में "हरित योग" कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां प्रतिभागियों ने प्राकृतिक वातावरण के बीच योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। हरित योग के माध्यम से लोगों को प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडेय ने बताया कि आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में योग को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए योग शिविर, सामूहिक योगाभ्यास, योग पार्क गतिविधियां, लाइव स्ट्रीमिंग तथा "रन फॉर योग" जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 20 मई से 10 जून तक विभिन्न राजकीय कार्यालयों में विशेष योग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नमस्ते योग ऐप और योग ब्रेक ऐप के माध्यम से नियमित योगाभ्यास कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ऋषिकेश स्थित यूजेवीएन लिमिटेड के बैराज पार्क में 25 मई से पांच जून तक 12 दिवसीय "योग पार्क कार्यक्रम" भी संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भाग ले रहे हैं। योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए हरित योग गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित