डोईवाला , मई 01 -- उत्तराखंड के देहरादून जिले के डोईवाला में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पांच युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने संबंधित मोटरसाइकिल को जब्त कर दिया है जबकि अन्य आरोपियों का चालान किया है।
जानकारी के अनुसार, भानियावाला क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक मोटरसाइकिल पर पांच युवक सवार होकर खतरनाक तरीके से चलते दिखाई दे रहे थे। इस लापरवाही से न केवल उनकी जान जोखिम में थी बल्कि आम लोगों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में डोईवाला पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर वाहन की पहचान की।
पुलिस ने वाहन मालिक से पूछताछ के बाद पांचों युवकों की पहचान की और उन्हें मोटरसाइकिल सहित चौकी जौलीग्रांट लाया। आज चौकी प्रभारी द्वारा मोटर वाहन अधिनियम के तहत बाइक को जब्त किया गया जबकि चालक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अन्य चार युवकों का चालान किया गया।
कार्रवाई में शामिल युवकों में आकाश (19 वर्ष) निवासी अपर जौलीग्रांट, उपेन्द्र (18 वर्ष) निवासी बदायूं, तिलक सिंह (21 वर्ष) निवासी अलीगढ़, अरुण (14 वर्ष) निवासी अपर जौलीग्रांट तथा शिवम (23 वर्ष) निवासी बुलंदशहर शामिल हैं।
पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि के लिए यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित