पौड़ी , जुलाई, 23 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में जयहरीखाल विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव, गोद भराई उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या जन्म के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना तथा गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में पर्यवेक्षिका विनीता सजवाण ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा जन्म से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और समग्र विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। उन्होंने परिवारों से बेटियों को समान अवसर देने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस दौरान नवजात कन्याओं के परिवारों को बेबी किट भेंट कर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया तथा बेटियों के प्रति सम्मान और समानता का संदेश दिया गया।
प्रखंड समन्वयक प्रमोद सुंदरियाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं से योजना का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री अर्चना रावत, सहायिका रेखा देवी, अनुसेविका ममता रावत सहित क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कन्या शिक्षा व सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित