देहरादून , अप्रैल 01 -- उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी से बुधवार को उनके शिविर कार्यालय में बिहार की एक निजी संस्था के पदाधिकारियों के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। हरिद्वार में मखाना की खेती करने जा रहे इन लोगों ने श्री जोशी को उदघाटन के लिए आमंत्रित किया तो उन्होंने उन्हें राज्य के किसानों को इसका प्रशिक्षण देने का आग्रह कर दिया।

प्रतिनिधि मंडल के मुखिया राजीव रंजन ने कृषि मंत्री को अवगत कराया कि उनकी संस्था लम्बे समय से मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने उत्तराखण्ड में पहली बार जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में मखाना की खेती के पायलट प्रोजेक्ट के शुभारंभ के लिए उनको आमंत्रित भी किया। श्री जोशी ने इस पहल का स्वागत करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मखाना की खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही संस्थाओं के अनुभव का लाभ राज्य में लिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि बिहार के उन क्षेत्रों का दौरा किया जाए, जहां मखाना का बेहतर उत्पादन हो रहा है, ताकि किसानों को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रबंधन की जानकारी मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित