काशीपुर , मई 03 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में नहर में डूबे व्यक्ति का शव राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) ने रविवार को कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 02 मई को जिला नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि काशीपुर स्थित आईटीआई कॉलेज के पास एक व्यक्ति नहर में डूब गया है। सूचना मिलते ही रुद्रपुर से उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।

पहले दिन टीम ने डीप डाइविंग और कांटा (हुक) की मदद से संभावित स्थानों पर व्यापक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

आज भी सघन अभियान चलाया गया। लगातार प्रयासों के बाद एसडीआरएफ टीम ने कुंडा क्षेत्र की चौकी पैगा के अंतर्गत नहर से शव बरामद कर लिया। शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक की पहचान कुलवंत सिंह वर्ष) निवासी रामपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित