उत्तरकाशी , जुलाई 22 -- प्रदेश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को उत्तरकाशी में छात्र-छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने धरना देकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वर्षों की कड़ी मेहनत और तैयारी के बावजूद बार-बार पेपर लीक जैसी घटनाएं ईमानदार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उनका आरोप था कि भर्ती प्रक्रियाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के कारण योग्य अभ्यर्थियों का व्यवस्था से विश्वास लगातार कमजोर हो रहा है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने "पेपर लीक बंद करो", "भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई हो" और "युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो" जैसे संदेश लिखे पोस्टर और बैनर हाथों में लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। अभ्यर्थियों ने भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित