देहरादून , अक्तूबर 15 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति के खिलाफ धोखे से शादी करने और जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुये पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।

इस घटनाक्रम के बाद श्रीमती आर्या का स्वास्थ्य बिगड़ जाने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्रीमती आर्या की ओर से मीडिया को अपने और अपने पति के वीडियो तथा ऑडियो भी जारी किये गए हैं।

देहरादून के थाना कैंट पुलिस को शाम सात बजकर पच्चीस मिनट पर दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार वह अनुसूचित जाति की हैं। उनका विवाह गिरधारी लाल साहू (पप्पू गिरधारी), निवासी श्रीबाबा बनखण्डी नाथ मंदिर, जोगी नवादा बरेली, उत्तर प्रदेश के साथ 06 जुलाई 2004 को हिंदू रीति रिवाज से संपन्न हुआ था। प्रार्थिनी का पति बरेली उत्तर प्रदेश का निवासी है तथा अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति का सदस्य नहीं है। जिसे प्रारंभ से ही ज्ञात है कि प्रार्थिनी अनुसूचित जाति की सदस्य है।

तहरीर के अनुसार गिरधारी लाल साहू ने विवाह के समय ही प्रार्थिनी को धोखे में रखा कि वह अविवाहित है। विवाह के कुछ वर्ष बाद प्रार्थिनी को सच्चाई पता चली कि वह पूर्व से विवाहित है और इनके पूर्व विवाह से बच्चे भी हैं, परन्तु तब तक प्रार्थिनी के बच्चे हो चुके थे और घर वालों के समझाने पर और बच्चों के भविष्य के दृष्टिगत प्रार्थिनी चुप रही। पिछले कुछ समय से प्रार्थिनी के प्रति गिरधारी लाल साहू का व्यवहार बदलने लगा, जिसमें यह ज्ञात हुआ कि गिरधारी लाल साहू के अन्य महिलाओं से भी अवैध संबंध है। इस बारे में जब प्रार्थिनी ने आपत्ति की तो शुरुआत में मेरे पति ने अपनी गलती मानते हुए लिखित और मौखिक रूप में माफीनामा दिया, परंतु माफीनामा के बाद भी वह इन कार्यों में लिप्त रहा।

इन संबंधों का विरोध करने पर गिरधारी लाल साहू प्रार्थिनी के साथ मार-पिटाई और गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। कई बार प्रार्थिनी के सरकारी आवास में स्टॉफ के समक्ष भी अपमानजनक रूप से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया।

श्रीमती आर्या ने आगे लिखा है कि गिरधारी लाल साहू ने प्रार्थिनी के कूट रचित हस्ताक्षर कर एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में प्रार्थिनी को कंपनी के निदेशक के पद से निवृत्त दर्शा दिया जबकि प्रार्थिनी के द्वारा ऐसा कोई भी दस्तावेज निष्पादित नहीं किया गया ना ही कोई त्यागपत्र दिया गया। हाल ही में प्रार्थिनी को एक ऑडियो प्राप्त हुई है जिसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बात करते हुए प्रार्थिनी को जान से करने का षड्यंत्र रच रहा है। प्रार्थिनी को लगातार अपने और अपने नाबालिग बच्चों की जान का खतरा बना हुआ है। यह व्यक्ति कभी भी कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित