देहरादून , अक्तूबर 17 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। दोनों की ओर से सामने आए आरोपों और बयानों के बीच अब कथित ऑडियो की सत्यता पर अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने कुछ इलेक्ट्रॉनिक चैनलों से बातचीत के दौरान अपने इष्ट देव भगवान गोल्ज्यू की शपथ लेते हुए दावा किया कि उनके द्वारा साझा किया गया ऑडियो सौ प्रतिशत सच है। उन्होंने ऑडियो में किसी तरह की बनावट या मिलावट होने से इनकार करते हुए इसे एआई से तैयार किए जाने के दावे को भी खारिज किया।

श्रीमती आर्या ने अस्पताल में संवाददाताओं से से कहा कि उन्होंने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में शादी से जुड़े कुछ अहम तथ्यों का उल्लेख किया है। उनके अनुसार, शादी से पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके पति गिरधारी लाल साहू पहले से विवाहित हैं। उन्होंने दावा किया कि बच्चों के होने के बाद उन्हें इस बारे में पता चला। उन्होंने कहा कि इसके बाद पारिवारिक स्तर पर समझाने-बुझाने की प्रक्रिया चली, लेकिन इस दौरान कुछ गंभीर परिस्थितियां सामने आईं। उन्होंने अपने पति की ओर से ऑडियो में कही गई बातों पर भी सवाल उठाए और कहा कि उनके बीच अब इस तरह का सीधा संवाद नहीं रहता।

मंत्री आर्या ने कहा कि उन्हें याद नहीं है कि उन्होंने कभी वैसी बातें कही हों, जैसी कथित ऑडियो में बताई जा रही हैं। उन्होंने अपने इष्ट देव भगवान गोल्ज्यू की कसम खाते हुए दावा किया कि उनके द्वारा चलाया गया ऑडियो पूरी तरह सच है और उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी ने भी एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उन्होंने मंत्री पर भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए और मुख्यमंत्री से कथित 210 करोड़ रुपये की संपत्ति की जांच कराने की मांग की। इसके उत्तर में श्रीमती आर्या ने स्पष्ट किया कि वह वर्ष 2003 में अपने परिवार के सदस्यों की मदद से पहली बार जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई। बाद में भी सभी चुनाव परिवार के सदस्यों और क्षेत्रवासियों की सहायता से लड़े। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पति द्वारा 210 करोड़ रुपए की संपत्ति होने के सम्बन्ध में निर्वाचन आयोग में दिए गए और प्रति वर्ष आयकर विभाग में दी जाने वाली रिपोर्ट प्रमाणित करती है कि मेरे पास कितनी संपत्ति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित