हल्द्वानी , सितंबर 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को यहां कहा कि उत्तराखंड की धरती वीरों की भूमि है और यहां के सैनिकों ने देश की रक्षा में अतुलनीय योगदान दिया है।
श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना आधुनिक और सशक्त हुई है तथा भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है और आज रक्षा उपकरणों का निर्यात करने वाले देशों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सदैव सैनिकों के बीच जाकर उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य किया है तथा सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम नहीं बल्कि प्रथम गांव मानते हुए उनके विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने सैनिक कल्याण की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लिए गए निर्णयों की सराहना की।
श्री नवीन आज यहां आयोजित 'गौरव सेनानी मिलन एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह' में बोल रहे थे। कार्यक्रम में कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं सैनिक परिवारों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को नमन करते हुए कहा कि सैनिक कभी पूर्व या भूतपूर्व नहीं होता, वह जीवनभर सैनिक रहता है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्व सैनिक 'भूतपूर्व' नहीं बल्कि 'अभूतपूर्व' हैं, जो अपने अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से समाज एवं राष्ट्र को निरंतर नई दिशा देते हैं। स्वयं एक सैनिक के पुत्र होने का उल्लेख करते हुए श्री धामी ने कहा कि विक्टोरिया क्रॉस विजेता दरबान सिंह नेगी और गबर सिंह नेगी से लेकर जनरल बी.सी. जोशी और जनरल बिपिन रावत तक उत्तराखंड की धरती ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने सैनिक कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। शहीद सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है, जबकि परमवीर चक्र विजेताओं की एकमुश्त अनुदान राशि 50 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रुपये की गई है। बलिदानी सैनिक के परिवार में एक सदस्य को सरकारी सेवा में सेवायोजित करने के लिए आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई है, वहीं सेवारत एवं पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की अचल संपत्ति खरीद पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होंने देहरादून के गुनियाल गांव में लगभग पूर्ण हो चुके भव्य सैन्य धाम का भी उल्लेख किया, जो वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और बलिदान का प्रतीक बनेगा।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं सैनिक परिवारों के कल्याण, शिक्षा, रोजगार तथा अन्य सुविधाओं के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है और संबंधित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कार्यक्रम संयोजक सुरेश भट्ट, ध्रुव रौतेला, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैनिक परिवार, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
इससे पहले श्री नवीन ने हल्द्वानी स्थित श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में मुख्यमंत्री धामी और उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष भट्ट के साथ पूजा-अर्चना की।
इसके पश्चात् उन्होंने लालकुआं के मोटाहल्दू के जयपुर वीसा गांव पहुंचकर दलित बूथ अध्यक्ष राकेश कुमार आर्य के घर पर चाय पी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक सामान्य कार्यकर्ता के घर पहुंचना खासा चर्चा का विषय रहा।
श्री नवीन के साथ मुख्यमंत्री धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भट्ट, क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित