नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को यहां चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और धरना दिया।
कांग्रेस महासचिव एवं उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आयोग के कार्यालय ज्ञापन देने पहुंचे लेकिन चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया।
चुनाव आयोग को ज्ञापन देने गये नेताओं में सुश्री सैलजा के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य, एआईसीसी प्रशासन प्रभारी एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल और राज्यसभा सदस्य एवं कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा शामिल थे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उत्तराखंड में एसआईआर के नाम पर बहुत गड़बड़ी हो रही है। उनका कहना था कि इन गड़बडि़यों के सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल इस संबंध में निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपने गया लेकिन उनके अनुसार उन्हें कार्यालय के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद नेता आयोग के मुख्य द्वार के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
कुमारी सैलजा ने इस संबंध में सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि उत्तराखंड में एसआईआर के नाम पर सामने आ रही गड़बड़ियों के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तराखंड के मतदाताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए इन गंभीर सवालों का जवाब देना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित