बागेश्वर , मई 30 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा पर गये उत्तर प्रदेश नोएडा का एक ट्रैकर लापता हो गया है।राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरफ) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नोएडा (उत्तर प्रदेश) निवासी विशेष चौहान एक स्थानीय पोर्टर के साथ पिंडारी ग्लेशियर की यात्रा पर गया था। वापसी के दौरान वह पोर्टर से बिछड़ गया और निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी तलाश के लिए पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गयी।
सूचना मिलते ही कपकोट से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के मुख्य आरक्षी टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में एक टीम मौके के लिए रवाना हुई और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
टीम ने गाइड द्वारा बताये गये संभावित स्थान पर पहुंचकर करीब 60 से 70 मीटर नीचे रोप तकनीक के जरिये गहन खोजबीन की। इस दौरान लापता ट्रैकर का कैमरा बरामद हुआ, जिसके बाद पिंडर नदी के किनारे और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित