उत्तरकाशी , मई 15 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और सरकारी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को विकास भवन सभागार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ग्राम्य विकास, मनरेगा, स्वरोजगार, खादी एवं ग्रामोद्योग, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यान और पशुपालन विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मजबूत कार्यबल के रूप में विकसित कर आत्मनिर्भर बनाया जाए, ताकि वे परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित