उत्तरकाशी , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड में उत्तरकाशी पुलिस ने त्योहारी सीजन के बीच नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए नौगांव-डामटा मार्ग पर स्योरी बैंड के समीप 722 ग्राम अवैध चरस के साथ देहरादून निवासी 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मामले का खुलासा शनिवार करते हुए बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 44 हजार रुपये बताया है। आरोपी के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बीती देर शाम पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही पुलिस टीम ने युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें चरस बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान सार्थक कोठारी पुत्र प्रसाद कोठारी, निवासी शास्त्री नगर, देहरादून के रूप में हुई है।
उत्तरकाशी पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 29 मामलों में 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 55.14 लाख रुपये मूल्य की 10.5 किलोग्राम से अधिक चरस और 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त चार आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित