उत्तरकाशी , अक्टूबर 24 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी में त्योहारी सीजन के बीच पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए नौगांव-डामटा मार्ग पर स्योरी बैंड के समीप 722 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मामले का खुलासा शनिवार को किया, बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब एक लाख 44 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई शुक्रवार देर शाम पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही पुलिस टीम ने युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके पास से चरस बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान सार्थक कोठारी पुत्र प्रसाद कोठारी, निवासी शास्त्री नगर, देहरादून के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित