उत्तरकाशी , मई 12 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद के मोरी क्षेत्र में मंगलवार को टोंस नदी में फंसे एक युवक का राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने अभियान चलाकर सकुशल बाहर निकाला। युवक नदी के बीच जेसीबी मशीन सहित फंस गया था और तेज बहाव के कारण बाहर निकल पाने में असमर्थ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीआरएफ कंट्रोल रूम को ग्राम सल्ला निवासी एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि गांव के समीप टोंस नदी में एक युवक जेसीबी मशीन सहित फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट मोरी से मुख्य आरक्षी सत्येंद्र रावत के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नदी में फंसे युवक तक पहुंच बनाई और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गए युवक की पहचान अमित वर्मा पुत्र जगत राम, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम कलेथा, चकराता के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ द्वारा सफल रेस्क्यू के बाद युवक को सकुशल जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव दल की तत्परता की सराहना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित