मोरी/उत्तरकाशी , जून 09 -- चुनाव आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड में उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र के बरी गांव में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा मंगलवार को घर-घर जाकर ग्रामीणों को गणना प्रपत्र वितरित किये गये। आयोग की इस मुहिम के अंतर्गत बीएलओ आगामी सात जुलाई तक क्षेत्र के प्रत्येक घर का दौरा कर मतदाताओं को प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें भरवाकर वापस भी प्राप्त करेंगे।

चुनाव आयोग की इस जमीनी पहल का सीमांत क्षेत्र के ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने तथा जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ग्रामीणों ने अपनी समृद्ध पारंपरिक एवं स्थानीय संस्कृति का अनूठा प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक ताँदी और हारुल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित