मुंबई , मई 21 -- बैंकिंग एवं वित्तीय कंपनियों में दोपहर बाद बिकवाली बढ़ने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांक शुरुआती तेजी के बाद अंत में लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबार की समाप्ति पर 135.03 अंक (0.18 प्रतिशत) की गिरावट में 75,183.36 अंक पर रहा। सुबह 627 अंक चढ़ने के बाद दोपहर में यह 323 अंक तक टूट गया था। इस प्रकार इसमें करीब 950 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी-50 सूचकांक का ग्राफ भी ऐसा ही रहा और यह अंत में 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत नीचे 23,654.70 अंक पर बंद हुआ।

वृहत बाजार में कुल मिलाकर निवेश धारणा मजबूत रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.26 प्रतिशत गिर गया जबकि स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.63 प्रतिशत ऊपर रहा।

आईटी, बैंकिंग, वित्त और एफएमसीजी सेक्टरों पर बिकवाली का दबाव रहा। रियलटी, स्वास्थ्य, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रसायन समूहों में तेजी देखी गयी।

एनएसई में जिन 3,381 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,908 के शेयरों में तेजी और 1,373 में गिरावट रही। अन्य 100 कंपनियों के शेयर अंत में अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 17 के शेयरों में गिरावट रही। बजाज फाइनेंस का शेयर 1.74 प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.37, टेक महिंद्रा में 1.36, इंफोसिस में 1.27, बजाज फिनसर्व में 1.15 और भारती एयरटेल में 1.05 प्रतिशत की गिरावट रही। एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन और इटरनल के शेयर भी लाल निशान में रहे।

इंडिगो का शेयर 3.25 प्रतिशत चढ़ा। बीईएल में 1.77 प्रतिशत, ट्रेंट में 1.75 प्रतिशत और अडानी पोर्ट्स में 1.12 प्रतिशत की तेजी रही। टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और एक्सिस बैंक के शेयर भी ऊपर बंद हुए।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.14 फीसदी की बढ़त में रहा जबकि हांगकांग का हैंग सेंग 1.03 फीसदी और चीन का शंघाई कंपोजिट 2.04 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.32 प्रतिशत और जर्मनी का डैक्स 0.59 प्रतिशत नीचे था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित