उडुपी , अगस्त 07 -- कर्नाटक के उडुपी जिले के पिलार गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े दो अज्ञात हमलावरों ने पूर्व ग्राम पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस नेता डेविड डिसूजा की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार मुदरंगड़ी ग्राम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और पेशे से ठेकेदार डिसूजा पर दोपहर के समय ग्राम पंचायत सीमा के भीतर सेंट फ्रांसिस जेवियर चर्च के सामने हमला हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने डिसूजा पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। स्थानीय नागरिक जब उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तब रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

उडुपी के पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर ने बताया कि सीन ऑफ क्राइम इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर की टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। शिरवा और पडुबिद्री थानों की पुलिस टीमों ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित