मऊ , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन अंतर्जनपदीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 किलो गांजा बरामद किया गया। बरामद किए गए गांजा की कीमत 4.50 लाख रुपया आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को दक्षिण टोला थाना पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों के चेकिंग के क्रम में मऊ आजमगढ़ मार्ग पर बरलाई मोड़ के पास दो ट्रॉली बैग व एक अन्य बैग के साथ खड़े तीन व्यक्तियों को टोका गया। जांच के बाद उनके लगेज में 30 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनकी पहचान सतीश यादव , साहिल दूबे व नीरज सोनकर के तौर पर की गयी है।
गिरफ्तार तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे उड़ीसा प्रान्त के बलनगीर जनपद से गांजा खरीदकर गोरखपुर में लाकर बेचते हैं। गांजा तस्करी के दौरान हम लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट का प्रयोग करते हैं। उसी के तहत मऊ से गोरखपुर जाने वाले वाहन के इंतजार में हम लोग सड़क पर खड़े थे। गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट थाना दक्षिणटोला के तहत कार्यवाही की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित