मुरादाबाद , मई 25 -- उत्तर प्रदेश सरकार के राजकीय विमान में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब उड़ान भरने से ठीक पहले उसके एक इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सवार थे। घटना के बाद विमान को मुरादाबाद एयरपोर्ट के रनवे पर ही आपात स्थिति में रोक दिया गया और उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पूरी तरह सुरक्षित हैं और बाद में सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक दो दिवसीय मंडलीय दौरे पर मुरादाबाद आए हुए थे। अमरोहा और संभल के कार्यक्रमों से लौटने के बाद जैसे ही उनका सरकारी विमान मुरादाबाद एयरपोर्ट के रनवे पर टेकऑफ के लिए आगे बढ़ा, तभी अचानक विमान के एक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। इंजन बंद होते ही विमान से धुआं निकलने लगा, जिससे एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया।
पायलट ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल टेकऑफ रोक दिया और विमान को सुरक्षित नियंत्रित कर लिया। विमान रुकते ही एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों और आपातकालीन टीम ने मोर्चा संभाल लिया तथा उपमुख्यमंत्री सहित विमान में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
तकनीकी खराबी के कारणों की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन द्वारा रनवे और विमान की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। उपमुख्यमंत्री के सुरक्षित लखनऊ रवाना होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों और समर्थकों ने राहत की सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित