अमृतसर , जून 27 -- पंजाब सरकार के 'ब्राइट माइंड्स पंजाब' कार्यक्रम के तहत अमृतसर जिले के बारहवीं कक्षा में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 332 मेधावी विद्यार्थियों को शनिवार को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के दशमेश ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रभारी मनीष सिसोदिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक डॉ जसबीर सिंह संधू, अतिरिक्त उपायुक्त (जनरल) पल्लवी शर्मा, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक भी मौजूद रहे।
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ये बच्चे पंजाब और देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब अब शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच रहा है और 'उड़ता पंजाब' नहीं बल्कि 'पढ़ता पंजाब' के रूप में पहचाना जाएगा। उन्होंने दावा किया कि नीति आयोग की 2026 की रिपोर्ट और केंद्र सरकार की पीजीआई 2.0 रैंकिंग के अनुसार स्कूल शिक्षा में पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है।
श्री बैंस ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार ने निजी गैर-सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों की फीस वृद्धि को नियंत्रित करने के लिए अध्यादेश को मंजूरी दी है। इसके तहत स्कूल फीस और अन्य फंड में वार्षिक वृद्धि अधिकतम पांच प्रतिशत तक सीमित रहेगी। साथ ही पिछले तीन वर्षों में अनुचित फीस वसूलने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई कर अतिरिक्त राशि अभिभावकों को लौटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्कूल शिक्षा के साथ-साथ उच्च शिक्षा में भी व्यापक सुधार कर रही है और सीमावर्ती जिले अमृतसर के सरकारी स्कूलों ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
इस अवसर पर श्री सिसोदिया ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि किसी भी देश की प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करती है। यदि शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी तो देश स्वतः विकसित होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली रटने की बजाय समझ और कौशल आधारित होनी चाहिए।
श्री सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने शिक्षा क्रांति के माध्यम से सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल दी है और आज सरकारी स्कूल शिक्षा एवं सुविधाओं के मामले में निजी स्कूलों से भी बेहतर बन रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा नीति और परीक्षा प्रणाली में सुधार संबंधी सुझाव भी लिये।
समारोह के दौरान 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 332 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्कूल ऑफ एमिनेंस, मॉल रोड, अमृतसर की छात्रा टिया, जिसका चयन इसरो में हुआ है, को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि इसरो द्वारा 108 देशों के विद्यार्थियों के बीच आयोजित चयन परीक्षा में भारत से टिया का चयन हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित