उदयपुर , जून 12 -- राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव पंकज कुमार शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले सब्सिडी सिलेंडरों की संख्या में कटौती को गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के साथ अन्याय बताया है।
श्री शर्मा ने शुक्रवार को यहां एक बयान जारी करके कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाना और गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना था। उस समय लाभार्थियों को प्रतिवर्ष 12 सब्सिडी युक्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वायदा किया गया था, लेकिन सरकार ने धीरे-धीरे इस संख्या को कम करते हुए केवल चार सिलेंडरों तक सीमित कर दिया है।
उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती गैस कीमतों के कारण लाखों गरीब परिवारों के लिए सिलेंडर भरवाना कठिन होता जा रहा है। उज्ज्वला योजना के कई लाभार्थी आर्थिक मजबूरियों के चलते पुनः पारंपरिक चूल्हों और लकड़ी के ईंधन का उपयोग करने को विवश हो रहे हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
श्री शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार पहले गरीबों से उनके काम का अधिकार छीन चुकी है और अब उनके भोजन का आधार भी कमजोर कर रही है। उन्होंने मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल कमी की जाए और उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष 12 सब्सिडी युक्त सिलेंडर पुनः उपलब्ध कराए जाएं, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित