जालौन , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के एट थाना क्षेत्र में पिरौना ओवरब्रिज पर झांसी-कानपुर लेन में सोमवार सुबह उज्जैन से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेजा।

एट थाना प्रभारी शिव शंकर ने बताया कि कार में चालक शिवम पाठक समेत पांच लोग सवार थे। सभी मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन में दर्शन करने के बाद गोरखपुर लौट रहे थे। सोमवार सुबह पिरौना ओवरब्रिज पर अचानक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गोरखपुर जनपद के थाना ददहा क्षेत्र के ग्राम नो बिछिया निवासी रमन पांडे (23), विक्की (25), अभिषेक तिवारी (24) तथा राधारमन पांडे (25) घायल हो गए। इनमें रमन पांडे की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। चालक शिवम पाठक सुरक्षित हैं।

सूचना मिलने पर पिरौना चौकी प्रभारी ब्रजेश यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित