उज्जैन/ देवास , मई 16 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन संभाग आयुक्त ने देवास जिले में पटाखा फैक्ट्री में आगजनी की घटना में गंभीर लापरवाही को लेकर टोंकखुर्द क्षेत्र तहसील के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) और नायब तहसीलदार टप्पा चिडावद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 में निहित प्रावधान के अंतर्गत देवास जिले की टोंकखुर्द तहसील के एसडीएम संजीव सक्सेना और नायब तहसीलदार टप्पा चिडावद रवि शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
आदेश अनुसार गत 14 मई को ग्राम टोंककला तहसील टोंकखुर्द क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना हुई। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व टोंकखुर्द सक्सेना एवं नायब तहसीलदार चिडावद तहसील टोंकखुर्द शर्मा द्वारा विस्फोटक सामग्री के संबंध में शासन निर्धारित मापदण्ड अनुसार क्षेत्रांतर्गत प्रशासकीय निरीक्षण में गंभीर लापरवाही की जाना परिलक्षित हुआ है। इनके द्वारा पद पर रहते हुए अपने कर्तव्यों के निवर्हन में गंभीर लापरवाही / उदासीनता एवं अनियमितता बरती गई। जिसके कारण उक्त घटना घटित हुई।
निलंबन काल में एसडीएम टोंकखुर्द सक्सेना एवं नायब तहसीलदार चिडावद तहसील टोंकखुर्द शर्मा का मुख्यालय कार्यालय कलेक्टर जिला देवास रहेगा। निलंबन अवधि में दोनों नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित