उज्जैन , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील अंतर्गत ग्राम झलारिया में बोरवेल में गिरे तीन वर्षीय मासूम भागीरथ को करीब 24 घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राजस्थान के पाली क्षेत्र निवासी मासूम गुरुवार शाम बोरवेल में गिर गया था। प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए शुक्रवार शाम उसे बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मासूम को तत्काल एंबुलेंस से बड़नगर अस्पताल ले जाया गया, जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेस्क्यू अभियान में कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित इंदौर और उज्जैन की टीमों के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से कार्य किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित