उज्जैन , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गठित उड़नदस्ता दल की सक्रियता से अप्रैल माह में 12 बाल विवाह होने से पहले ही रोक दिए गए।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार बाल विवाह रोकथाम अभियान में आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र, पुलिस थाना या चौकी, हेल्पलाइन नंबर 1098, पंचायत सचिव, कोटवार या आशा कार्यकर्ता को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि सभी मामलों में उड़नदस्ता टीम मौके पर पहुंची और संबंधित पक्षों को बाल विवाह प्रतिषेध कानून के साथ-साथ इसके सामाजिक, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी। समझाइश के बाद दोनों पक्ष बाल विवाह नहीं करने पर सहमत हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित