उज्जैन , मई 28 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, अस्पताल और स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध सघन जांच और कार्रवाई लगातार जारी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले में गठित विशेष जांच दल द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 140 स्थानों पर जांच की गई। इनमें 28 संस्थान पंजीकृत तथा 112 अपंजीकृत पाए गए। अपंजीकृत संस्थानों में से 18 को सील किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने बताया कि विभाग द्वारा गठित जांच दल ने 10 मई से विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया है। क्लीनिकों के पंजीयन के लिए अब तक 57 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
इनमें होम्योपैथिक के 25, आयुर्वेदिक के 16, एलोपैथी के 11, डेंटल के तीन और पैथालॉजी के दो आवेदन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आवश्यकतानुसार संबंधित संस्थानों को बंद कराने, दस्तावेजों की जांच, पंजीयन सत्यापन और अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित