उज्जैन , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में पुलिस ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिवंगत आरक्षक के आश्रित बालक को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की है।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार आरक्षक मयंक गिरवाल का गत वर्ष जून 2025 में गंभीर बीमारी के चलते असामयिक निधन हो गया था। वे अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से परिवार पर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया था।
परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए उनकी पत्नी अर्चना गिरवाल ने अपने 7 वर्षीय पुत्र वंश गिरवाल के लिए अनुकंपा नियुक्ति का आवेदन किया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने स्वयं संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
22 अप्रैल 2026 को समस्त आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराई गईं और पुलिस अधीक्षक द्वारा बाल आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी कर नियुक्ति प्रदान की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित