उज्जैन , अगस्त 13 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन की होनहार बैडमिंटन खिलाड़ी विधि शर्मा एवं उत्कर्षा पाल ने नेपाल में आयोजित इंडो-नेपाल इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट के डबल्स मुकाबले में चीन की टीम को फाइनल में पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। दोनों खिलाड़ियों के 15 अगस्त को उज्जैन लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार नेपाल में 07 से 11 अगस्त तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 25 देशों की टीमों ने भाग लिया। विधि शर्मा एवं उत्कर्षा पाल ने शानदार तालमेल, खेल कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए डबल्स स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया। दोनों खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया तथा सेमीफाइनल में मलेशिया की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया और निर्णायक मुकाबले में चीन की टीम को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की छात्रा विधि शर्मा तराना की निवासी हैं और विश्वविद्यालय की योगा अध्ययनशाला में पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं उत्कर्षा पाल उज्जैन निवासी हैं और एमए इन योगा की छात्रा हैं। दोनों खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया के अंतर्गत दिल्ली में आयोजित चयन प्रक्रिया के बाद इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था।
विधि शर्मा ने बताया कि खेलो इंडिया के अंतर्गत दिल्ली में चयन के बाद उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए दोनों ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
विधि शर्मा के पिता मुकेश शर्मा ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के साथ-साथ उज्जैन और मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है। दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और उज्जैन का नाम रोशन किया है। दोनों खिलाड़ी 15 अगस्त को उज्जैन पहुंचेंगी, जहां उनके स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित