पटना , फरवरी 05 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने गुरुवार को कहा कि बोधगया कॉरिडोर का निर्माण उज्जैन और काशी कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा।

राज्य विधानसभा में कुमार सर्वजीत के तारांकित प्रश्न पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के उत्तर के दौरान हस्तक्षेप करते हुए श्री कुमार ने कहा कि बोधगया में उज्जैन और काशी की तर्ज पर कॉरिडोर निर्माण का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि बोधगया और गया बौद्ध और हिंदू धर्मावलंबियों के लिए पवित्र स्थल हैं। उन्होंने बताया कि इसके निर्माण के लिए एक समिति का गठन किया गया है।

कुमार सर्वजीत ने सभा की कार्यवाही के दौरान पूरक प्रश्न के माध्यम से कहा कि बोधगया में 500 से अधिक मंदिर हैं और यहां अंतरराष्ट्रीय बौद्ध श्रद्धालु आते हैं, लेकिन मंदिर के ठीक पीछे की सड़क की स्थिति जर्जर है, जिससे पर्यटकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने श्री सर्वजीत के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि बौद्ध मंदिर के पीछे एक विशेष सड़क के निर्माण का मुद्दा छह माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में सभी पर्यटन स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित