हैदराबाद , अगस्त 02 -- तेलंगाना में हैदराबाद शहर के पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने रविवार को कहा कि सिकंदराबाद में उज्जैनी महाकाली बोनालु उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पहली बार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित भीड़ प्रबंधन प्रणाली और निगरानी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

श्री सज्जनार ने अपने परिवार के साथ देवी महाकाली को रेशमी वस्त्र, बोनम और विशेष प्रार्थना अर्पित करने के बाद मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।

उन्होंने बताया कि इस उत्सव के लिए लगभग 2,500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है तथा सीसीटीवी कैमरों को चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक से जोड़ा गया है ताकि संदिग्धों और जेबकतरों पर नजर रखी जा सके जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकती है।

श्री सज्जनार ने कहा कि गोलकोंडा और बालकाम्पेट में बोनालु उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए, जबकि उज्जैनी महाकाली और लाल दरवाज़ा में उत्सव कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस उत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बंदोबस्ती विभाग, जीएसएमसी और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है और उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे उत्सव के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पुलिस का सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित