जयपुर , मार्च 08 -- राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को राजस्थान उच्च न्यायालय के बार संघ की ओर से विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

सतीशचन्द्र सभागार में आयोजित हुए इस समारोह में महिला अधिवक्ताओं, उच्च न्यायालय परिसर में कार्यरत महिला कर्मचारियों और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जस्टिस शुभा मेहता और जस्टिस संगीता शर्मा मौजूद रहीं। "देना और पाना" थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन महिला अधिवक्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने दो दशक से अधिक समय तक न्यायालय में सक्रिय वकालत की है।

इन महिला अधिवक्ताओं को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. वही परिसर में कार्यरत महिला सहायिकाओं और कर्मचारियों को माल्यार्पण करके उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

बार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इन अधिवक्ताओं ने न्यायिक क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और नई पीढ़ी की महिला वकीलों के लिए प्रेरणा बनी हैं। इस अवसर पर महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। शहर में महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए इन अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित